बल्लभगढ़। थाना सिटी क्षेत्र के अंतर्गत आजाद नगर में रहने वाले दो छात्रों का अपहरण करके मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियाे 13 मार्च का बताया जा रहा है।
आरोप है कि आरोपी छात्रों को घर से लेकर गए थे और मारपीट कर नहर में फेंकने की धमकी भी दी थी। वीडियो के अनुसार तिगांव रोड स्थित आजाद नगर के मकान नंबर 432 में से दो लड़कों को बाइक पर सवार दो युवक अपने साथ अपहरण करके ले जाने की कोशिश कर रहे थे। तभी एक छात्र मौके से भाग गया। वहीं दूसरा छात्र अपने आप को बचाने के लिए गली में भागता हुआ नजर आ रहा है। छात्र भागते हुए अपने आप को बचाने के लिए एक दुकान के अंदर घुस जाता है। दुकान के अंदर जाकर दोनों युवक छात्र को पकड़ कर ले आते हैं और बाइक पर बैठाकर ले जाते हैं। इस दौरान आरोपी छात्र के साथ मारपीट करते हैं। एक आरोपी स्कूली छात्र भी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि दोनों लड़के छठी और आठवीं कक्षा के छात्र हैं। इनका कोई स्कूली विवाद है। अभी तक पुलिस को किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद