: बाल भवन में निराश्रित बच्चों का टॉयलेट में बर्तन धोते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो जनवरी माह का बताया जा रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद डीसी विक्रम सिंह ने मामले की जांच के आदेश जारी किए हैं।
जिले के एनआईटी विधानसभा में बाल भवन बना हुआ है। वहां बाल सुधार के लिए बच्चों को रखा जाता है। यहां 20 बच्चे रह रहे हैं। वहां का एक वीडियो तूल पकड़ रहा है। वीडियो में दो बच्चे बर्तन धोते हुए नजर आ रहे हैं। बाल भवन में चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के माध्यम से किसी भी प्रकार की हिंसा के शिकार बच्चों, बाल मजदूरी से छुड़ाए गए और अनाथ बच्चों को रखा जाता है। इस वीडियो में बर्तन धोने वाले बच्चों को दिसंबर 2024 में लाया गया था।
बाल भवन में बाल कल्याण अधिकारी पिंकी माहोर ने बताया कि इस वीडियो के सामने आने के बाद उन्होंने बाल संरक्षण विभाग हेडक्वार्टर और डीसी ऑफिस रिपोर्ट बनाकर भेज दी थी। 19 फरवरी को विभाग हेडक्वार्टर से एक टीम आकर जांच करके गई थी। तब से यह मामला हेडक्वार्टर के उच्च अधिकारियों के अधीन है। फरीदाबाद डीसी विक्रम सिंह ने इस मामले को लेकर जानकारी देते हुए कहा है कि उनको इस मामले के बारे में पहले जानकारी नहीं थी। इस मामले की पूरी जांच की जाएगी। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से रिपोर्ट की जानकारी लेकर वह मामले में संज्ञान लेंगे।