कागजों से जमीन पर नहीं उतर पा रहीं जाम खत्म करने की योजनाएं, जाम से लोग परेशान
केशव भारद्वाज/राहुल राज
फरीदाबाद। बढ़ते वाहनों का दबाव, सार्वजनिक परिवहन की कमी, खराब ट्रैफिक सिग्नल, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से स्मार्ट सिटी में वाहनों की रफ्तार थम रही है। केंद्रीय वायु गुणवत्ता आयोग ने सर्वे कर शहर में ऐसे 16 प्रमुख हॉटस्पॉट चिह्नित किए है, जहां हर रोज ट्रैफिक फंस रहा है।
केंद्रीय वायु गुणवत्ता आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, चिह्नित हॉटस्पॉट में बाटा चौक, बड़खल चौक, सेहतपुर पुल, हार्डवेयर चौक, ईएसआई चौक, बीके चौक, ओल्ड फरीदाबाद चौक, अजरौंदा चौक और सोहना टी-प्वाइंट समेत अन्य प्रमुख मार्ग और चौराहे शामिल हैं। इन स्थानों पर व्यस्त घंटों (पीक आवर्स) में वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनती है।
कई जगह ट्रैफिक सिग्नल ठीक से काम नहीं करते तो कहीं जगह आवागमन के लिए पुल और सड़क की चौड़ाई कम है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर अतिक्रमण भी ट्रैफिक की रफ्तार रोक रहा है। उधर, प्रशासन की अल्प कालीन और दीर्घकालीन योजनाओं से जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। अल्पकालिक उपायों में अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती, सिग्नल लाइटों को दुरुस्त करना, अतिक्रमण हटाना और चौराहों पर यातायात प्रबंधन सुधारना शामिल है। वहीं दीर्घकालिक समाधान के तहत गुरुग्राम और पलवल तक मेट्रो ट्रेन के संचालन के अलावा सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने के साथ-साथ नए फ्लाईओवर और अंडरपास की जरूरत है।
-
दावों के बीच लोगों को राहत का इंतजार
शहर में जाम की वजह से एक छोर से दूसरे छोर पर जाने में दिक्कत झेलनी होती है। सुबह और शाम के वक्त वाहन चालकों को बड़ी मुसीबत झेलनी होती है। शहर के बाकी इलाकों के मुकाबले दिल्ली की सीमा से लगते इलाकों, एनआईटी और बल्लभगढ़ में ज्यादा जाम रहता है। दिल्ली-आगरा हाईवे से ग्रेटर फरीदाबाद जाने के लिए डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे के कटों पर भी जाम से जूझना पड़ रहा है।
जाम के मुद्दे पर सेक्टर-सात निवासी डॉ. कमल गुप्ता कहते हैं कि केवल चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। सड़कों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, सिग्नल की खराबी और यातायात नियमों की अनदेखी पर लगातार कार्रवाई जरूरी है। शहर में वाहनों की संख्या बढ़ रही है। वाहनों की संख्या सीमित कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। उधर, सेक्टर-15 मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन मनोहर पुनयानी कहते हैं कि शहर को जाम मुक्त करने के लिए प्रस्तावित फ्लाईओवर और मेट्रो ट्रेन का काम जल्द से जल्द शुरू करने की जरूरत है। इससे शहर वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी।
-
शहर में जाम खत्म करने की इन परियोजनाओं पर विभाग कर रहा है काम
परियोजना हाल
मंझावली यमुना पुल पुल तैयार पर यूपी की सीमा में सड़क तैयार नहीं
बल्लभगढ़-सोहना रोड फ्लाईओवर डीपीआर पर काम चल रहा
ईस्ट-वेस्ट परियोजना - मंजूरी मिली पर काम शुरू नहीं
नीलम रेलवे पुल और सर्विस रोड के नीचे अंडरपास - प्रस्ताव
सूरजकुंड-अनखीर रोड पर अनंगपुर चौक पर फ्लाईओवर - डीपीआर
बल्लभगढ़-सोहना रोड दो लेन फ्लाईओवर - काम चालू
दिल्ली-आगरा हाईवे का गुडईयर मोड़ प्रस्ताव तक सीमित
मुजेसर रेलवे अंडरपास - काम चालू
दिल्ली-आगरा हाईवे पर बल्लभगढ़ रेलवे फ्लाईओवर - जमीन अधिग्रहण पर काम चल रहा
बल्लभगढ़ मोहना रोड फ्लाईओवर काम चल रहा
फरीदाबाद-गुरुग्राम मेट्रो - मंजूरी मिली पर 12 वर्ष से काम शुरू होने का इंतजार
-बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो - मंजूरी मिली पर काम शुरू होना बाकी है
गुरुकुल रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज मंजूरी मिली पर काम चालू नहीं
-
वाहनों की संख्या पर एक नजर:-
16 लाख से ज्यादा वाहन हैं जिले में
27 प्रतिशत हिस्सेदारी है वाहनों की शहर में प्रदूषण बढ़ाने में
-
ये हैं शहर में जाम के 16 हॉटस्पॉट
1. सेहतपुर पुल
2. दुर्गा बिल्डर के पास आगरा स्वीट्स
3. अमोलिक चौक
4. बीपीटीपी चौक
5. जेसीबी चौक
6. बस स्टैंड बल्लभगढ़
7. अंबेडकर चौक
8. सेक्टर-8/3 चौक
9. हार्डवेयर चौक
10. सेक्टर-11/12 चौक
11. ईएसआई चौक
12. बीके चौक
13. सोहना टी-पॉइंट
14. अजरौंदा चौक
15. बड़खल चौक
16. बाटा चौक