- एफ डब्ल्यू अकादमी को आठ विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पाली स्थित रविंद्र फागना भूमि क्रिकेट मैदान पर सोमवार को वाईएस क्रिकेट अकादमी और एफ डब्ल्यू क्रिकेट अकादमी के बीच मुकाबला खेला गया। वाईएस अकादमी ने एफ डब्ल्यू को आठ विकेट से हराया। 40 ओवर के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए एफ डब्ल्यू ने 230 रन का स्कोर खड़ा किया। एफ डब्ल्यू के लिए देव भड़ाना ने 97 गेंदों पर 127 रन की शानदार पारी खेली जबकि हरमन कपूर ने 25 रन का योगदान दिया। वहीं वाईएस की ओर से निखिल ने तीन और शुभम कुमार ने दो विकेट झटके। जवाब पारी में वाईएस अकादमी ने महज 17.2 ओवर में दो खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वंश कंबोज ने सिर्फ 42 गेंदों पर 103 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा श्रेयस ने भी महज 49 गेंदों पर 96 रन की विस्फोटक पारी खेली। एफ डब्ल्यू के मंग चौधरी और अनिकेत अग्रवाल को एक-एक विकेट मिला। शानदार प्रदर्शन के लिए वंश कंबोज को मैन ऑफ द मैच और देव भड़ाना को फाइटर ऑफ द मैच घोषित किया गया।