आरोपी ने ठगों को दे रखी थी अपने बैंक खाते की डिटेल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों की मदद करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने आरोपी महेंद्र कुमार को राजस्थान जोधपुर से काबू किया है। इससे पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने अपने बैंक खाते की डिटेल साइबर ठगों को दी हुई थी। खाते में आने वाली ठगी की रकम का 20 प्रतिशत हिस्सा ये रखकर बाकी रुपये क्रिप्टो करंसी यूएसडीटी के जरिये ठगों को ट्रांसफर करता था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अपने खाते को ये खुद ऑपरेट करता था। ठगी के 29500 रुपये इसके बैंक खाते में आए थे। आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में ये एफआईआर सूर्या विहार की रहने वाली महिला ने दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार उन्हें कॉल कर वर्क फ्रॉम होम का झांसा दिया गया। फिर टेलीग्राम पर जोड़कर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का लालच देकर आरोपी निवेश कराने लगे। शुरू में 1 हजार रुपये देने पर 1500 रुपये उसे वापस मिले। फिर 3 हजार निवेश किए तो 3900 रुपये मिले। बाद में निवेश कराते रहे लेकिन रिफंड नहीं दिया। इस तरह महिला से 14 लाख 2500 रुपये की ठगी हुई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी महेंद्र को गिरफ्तार किया है।