शक होने पर संचालकों ने पकड़कर माॅल मैनेजर को सौंपा, चकमा देकर हुआ फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। थाना सेंट्रल इलाके के एक माॅल में लोगों से अवैध वसूली करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी खुद को अधिकारी बताकर स्पा संचालकों व अन्य से पैसे की उगाही करता था। संचालकों को आरोपी पर शक हो गया और उन्होंने आरोपी को पकड़कर मॉल मैनेजर को सौंप दिया। आरोपी इतना शातिर है कि मैनेजर को बातों में उलझाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने एक स्पा संचालक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अवैध वसूली सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पलवल निवासी भीखचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले आठ माह से सेक्टर-12 स्थित एल्डिगो माॅल में स्पा सेंटर चलाता है। नौ मार्च को एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर कहा कि इस महीने के पैसे नहीं आए हैं। तुम सभी से पैसे इकट्ठा कर लो मैं थोड़ी देर में आ रहा हूं। शाम को फोन करने वाला व्यक्ति मॉल में आ गया और कहने लगा कि आपके सेंटर में गलत काम होते हैं। इस बात की उसके पास शिकायत आई है। आरोपी ने एक फर्जी शिकायत भी दिखाई, जिस पर सरकारी मोहर लगी हुई थी। आरोपी ने कहा कि वह उन्हें पुलिस की रेड से बचा सकता है। इसके लिए उसे पैसे चाहिए। आरोपी अन्य स्पा संचालकों को भी पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर अवैध वसूली करने लगा। आरोपी ने अपना नाम गांव पाली निवासी असलम उर्फ पप्पी बताया था। वह पिछले महीने भी सभी स्पा संचालकों से 500-500 रुपये की उगाही करके ले गया था।
थाना प्रभारी का नाम नहीं बता पाने पर हुआ शक
आरोपी पिछले दो माह से सभी संचालकों से पैसे वसूल रहा था। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी एल्डिगो के साथ बने सिल्वर सिटी माल सहित अन्य कई इलाकों से भी पैसे वसूल रहा था। आरोपी जब भी मॉल में आता था तो कई-कई घंटे वहीं घूमता रहता था। पैसे लेने के बाद भी कई-कई बार माल में ही चक्कर लगाता रहता था। आरोपी ने संचालकों से कहा कि वह केवल महीने में तीन शिकायतों पर ही काम करता है। पैसे देते समय एक संचालक ने आरोपी से थाना सेंट्रल प्रभारी का नाम पूछ लिया। आरोपी सही नाम नहीं बता पाया। इस पर संचालकों को आरोपी पर शक हो गया। एक स्पा संचालक ने बताया कि उन्हें पुलिस की तरफ से कभी बिना बात के परेशान नहीं किया जाता। जब भी कोई आदेश दिए जाते हैं तो उन्हें नोटिस कर थाने में बुलाया जाता है। शक होने पर उन्होंने उसे पकड़कर मॉल मैनेजर के हवाले कर दिया।
आरोपी के बारे में सूचना मिलते ही मॉल में जाकर जानकारी जुटाई। आरोपी के खिलाफ शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी लगी है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -रणवीर सिंह, थाना सेंट्रल प्रभारी