फरीदाबाद। सेक्टर-16 स्थित राजकीय महिला कॉलेज की 26वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हो गया। प्रतियोगिता में छात्रा उर्वशी भारद्वाज ने सबसे अधिक चार प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह पर बतौर मुख्य अतिथि राजकीय कन्या कॉलेज नचौली की प्राचार्या डॉ. सुनिधि ने शिरकत की। इस मौके पर शालिनी खुराना, अमिता कुमारी, रितिका गुप्ता, अर्चना वर्मा, सतविंद्र कौर, नीलम रानी मौजूद रही।
सभी विजेताओं को पदक व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष बलवीर सिंह दहिया ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन सौ मीटर फर्राटा दौड़, दो सौ मीटर दौड़ का फाइनल, जेवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो और थ्री लेग रेस आयोजित की गई। सौ मीटर फर्राटा रेस के फाइनल मुकाबले में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा पूजा ने पहला स्थान हासिल किया। बीए से ही कोमल को दूसरा स्थान मिला। बीएसएसी प्रथम वर्ष की छात्रा आंचल नेगी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
डिस्कस थ्रो में बीए प्रथम वर्ष की रेनू ने पहला, बीए तृतीय वर्ष की काजल को दूसरा, बीए प्रथम की ही सुंदरी भड़ाना ने तीसरा, जेवलिन थ्रो में रेनू ने पहला, बिंदु को दूसरा और सुंदरी भड़ाना को तीसरा स्थान मिला। बोरा दौड़ में सुंदरी ने पहला स्थान पाया। रिंकी दूसरे और स्नेहा तीसरे स्थान पर रहीं। उधर, थ्री लेग रेस में बीबीए द्वितीय वर्ष से शिल्पा और शिवानी संयुक्त रूप से विजेता रहे। बिंदु और मनीषा ने दूसरा स्थान हासिल किया। बीकॉम से मोनिका और शिवानी की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही ।