फरीदाबाद। गांव सरूरपुर में घर के बाहर पानी जमा होने के विवाद में घायल महिलाओं को उचित इलाज नहीं मिलने पर बुधवार सुबह उनके परिजनों ने बीके सिविल अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवा उनके उपचार की व्यवस्था करवाई। चारों महिलाएं अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
तीमारदार सुनील ने बताया कि सरूरपुर गांव स्थित यादराम कॉलोनी निवासी उनके दोस्त के परिवार पर पड़ोसियों ने मंगलवार शाम हमला बोल दिया था। विवाद मोहल्ले में पानी जमा होने पर हुआ था। इस दौरान परिवार की चार महिलाएं सुषमा, कुसुम, संगीता और जूली घायल हो गई। परिजन मारपीट की शिकायत दर्ज कराने गौंछी स्थित पुलिस चौकी पहुंचे थे। जहां से पुलिस ने इलाज के लिए घायलों को बीके सिविल अस्पताल भेज दिया।
बुधवार सुबह अस्पताल कर्मियों ने केवल एक महिला को इलाज की जरूरत बता अन्य तीन को घर ले जाने के लिए कहा तो परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पीड़ित परिवार के रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए। हंगामा बढ़ता देख मौके पर पुलिस बुलाई गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो सका। पुलिस ने झगड़े का मामला भी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।