मानेसर से किया गया था रेफर, सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी 3 स्थित ईएसआईसी अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के बाहर शनिवार को हंगामा हो गया। यह हंगामा ईएसआईसी कार्ड धारक कर्मचारी की बेटी तनु को भर्ती नहीं करने पर हुआ। तनु के पैर में प्लास्टर बंधा हुआ था। उसकी कमर की हड्डी टूटी हुई थी, वह स्ट्रेचर पर थी। इसके बावजूद उसे जल्दी भर्ती नहीं लिए जाने पर माता-पिता और अन्य परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
मानेसर से रेफर किए जाने के बाद यहां बेटी का इलाज कराने पहुंची मां गुंजा देवी ने बताया कि शनिवार सुबह ही मरीज को लेकर अस्पताल पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि दोपहर करीब 2 बजे तक भी मरीज को भर्ती नहीं किए जाने के कारण और सुरक्षाकर्मी की ओर से की गई मारपीट के बाद उन्होंने अस्पताल के बाहर हंगामा करना शुरू किया। वहीं परिजन संगम ने बताया कि इलाज के लिए मानेसर से यहां रेफर किया गया है।
जबसे यहां आए हैं, डॉक्टर सिर्फ और सिर्फ इधर से उधर दौड़ा रहे हैं। कोई भी सही जानकारी नहीं दे रहा है। उन्होंने बताया कि कई डॉक्टरों ने तो यह तक कहा कि जहां से रेफर किया गया है वहां वापस जाओ। साथ ही अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि सरकारी है तो सरकारी जैसा इलाज ही होगा। परिजनों ने बताया कि ईएसआईसी कार्ड है और सारे कगज-पत्र पूरे हैं। फिर भी इलाज नहीं हो रहा है।
इसी प्रकार से काफी देर तक हंगामा चलता रहा। अंत में पुलिसकर्मियों ने अस्पताल पहुंचकर मामले को शांत किया और मरीज और उनके परिजनों को अस्पताल के अंदर ले गए।