जांच अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। आदर्श नगर थाना क्षेत्र से 12वीं की छात्रा के लापता होने के मामले में शनिवार को परिजनों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने मामले के जांच अधिकारी पीएसआई मनोज को लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की।
शिकायत पर पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए जांच अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। परिजनों के अनुसार 29 जुलाई को उनकी बेटी को इमरान कथित तौर पर अपने साथ ले गया था। परिवार ने पुलिस से छात्रा की तलाश कर उसे बरामद करने की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस ने 31 जुलाई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की लेकिन इसके बाद कार्रवाई में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्रा घर से करीब एक लाख रुपये नकद और सोने के जेवर भी साथ ले गई। उनका आरोप है कि छात्रा को ले जाने में युवक के अलावा उसकी बहन और जीजा की भी भूमिका हो सकती है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
युवक ने हाईकोर्ट से लिया संरक्षण
परिजनों के मुताबिक छात्रा को साथ ले जाने वाले युवक ने बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट से संरक्षण प्राप्त कर लिया। इसके बाद मामला और जटिल हो गया। पुलिस अब गुमशुदगी के मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। थाने में हुए हंगामे और परिजनों की शिकायत के बाद डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने मामले के जांच अधिकारी पीएसआई मनोज के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। थाना प्रभारी राम निवास ने बताया कि मामले की जांच जारी है।