पोर्टल पर डाटा अपडेट नहीं होने पर छात्र हो सकते हैं वंचित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों में छात्रवृत्ति वितरण को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 10 मार्च तक वन स्कूल एप पोर्टल पर छात्रों का डाटा अपडेट नहीं होने की स्थिति में संबंधित विद्यार्थियों को विभिन्न स्कॉलरशिप योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा। जानकारी के अनुसार जिले के कई स्कूलों में अभी तक अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, बीपीएल तथा अन्य पात्र श्रेणियों के छात्रों का डाटा पूर्ण रूप से अपलोड नहीं हुआ है। ऐसे में विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रमुखों को समयसीमा के अंदर प्रक्रिया पूरे करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि चौथी तिमाही की छात्रवृत्ति जारी करने से पहले सभी रिकॉर्ड का सत्यापन आवश्यक है।
यदि किसी स्कूल की ओर से लापरवाही पाई जाती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाचार्य और स्टाफ की होगी। जिला शिक्षा अधिकारियों को भी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी पात्र छात्र का भुगतान न रुके।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि तकनीकी समस्या आने पर स्कूल निर्धारित हेल्पलाइन नंबर 0172-5049801 पर संपर्क कर सकते हैं। शिक्षा विभाग का कहना है कि समय पर डाटा अपडेट होने से ही छात्रों के खातों में सीधे छात्रवृत्ति की राशि जारी की जा सकेगी।