शिक्षा निदेशालय ने पहचान पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश जारी किए
अभिभावकाें से अपील, बच्चों का दाखिला कराने से पहले मान्यता की जांच कर लें
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में बिना मान्यता के संचालित हो रहे निजी स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शिक्षा निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को ऐसे स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद कराने के निर्देश जारी किए हैं।
निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे सभी गैर-मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की पहचान कर उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई करें। साथ ही बंद कराए गए स्कूलों की सूची तैयार कर जल्द निदेशालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश में यह भी कहा गया है कि कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की सहायता भी ली जाए।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब जिले में अवैध रूप से चल रहे स्कूलों पर कार्रवाई होगी। इससे पहले पिछले महीने शिक्षा विभाग ने मान्यता, आधारभूत सुविधाओं और शिक्षा का अधिकार (आरटीई) नियमों का उल्लंघन करने वाले 70 निजी स्कूलों का एमआईएस पोर्टल बंद कर दिया था। शिक्षा विभाग की लगातार सख्ती से बिना मान्यता के स्कूल संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों का दाखिला कराने से पहले संबंधित स्कूल की मान्यता की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गैर मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की सूची तैयार की जा रही है। निदेशालय के आदेशों का पालन करते हुए ऐसे सभी स्कूलों को बंद किया जाएगा। - बसंत कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।