सरदार पटेल ने देश की अखंडता के लिए ऐतिहासिक कार्य किया : गुर्जर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे सरदार150 पदयात्राओं के अभियान के तहत फरीदाबाद में यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा का उद्देश्य राष्ट्र की एकता, अखंडता और सेवा भावना को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम का नेतृत्व केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने किया। उनके साथ नगर निगम की मेयर प्रवीण जोशी, भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और बड़खल विधायक धनेश अदलखा भी मौजूद रहे।
लगभग 4 किलोमीटर लंबी पदयात्रा सेक्टर- 29 चौक से प्रारंभ होकर ओल्ड फरीदाबाद मार्केट से सेक्टर-16 में एशिया मरिंगो अस्पताल के सामने से होते हुए ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास से एनआईटी-5 स्थित आईटीआई पर संपन्न हुई।
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और नेतृत्व में देशभर में एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को सशक्त बनाने हेतु लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर यूनिटी मार्च का आयोजन किया जा रहा है। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 31 अक्तूबर से 25 दिसंबर तक प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र और जिले में आयोजित किया जा रहा है। इसमें हजारों की संख्या में युवा सहभागिता कर रहे हैं और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का सशक्त संदेश दे रहे हैं।
सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को नमन करते हुए गुर्जर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर स्वतंत्र भारत का स्वरूप देने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज वही एकता की भावना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और संकल्पों में जीवित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह स्पष्ट संकल्प है कि जब भारत 2047 में आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा तब भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व के समक्ष खड़ा होगा। एकता मार्च में भाजपा जिला महामंत्री प्रवीण चौधरी, शोभित अरोड़ा, सभी पार्षद और मंडल अध्यक्ष और अन्य कई जनप्रतिनिधि और अन्य विभागों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।