फरीदाबाद। हैलो, अंकल पापा आए दिन मम्मी और हमलोगों से मारपीट करते हैं। प्रताड़ित होने के बाद भी वह किसी से शिकायत नहीं करतीं। ये शिकायत दो बच्चों ने चाइल्ड लाइन पर की। सक्रियता दिखाते हुए टीम पुलिस के साथ सोमवार की शाम फरीदपुर गांव पहुंची। सारा मामला समझने के बाद पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
चाइल्ड लाइन के सदस्य रविंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें 14 साल की एक लड़की व आठ साल के लड़के ने फोन कर सूचना दी थी कि उसके पिता मां और उनके साथ आए दिन मारपीट करते हैं। मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। आए दिन मारपीट से प्रताड़ित होने के बाद भी वह किसी से शिकायत नहीं करतीं। इस पर बच्चों ने हिम्मत कर शिकायत चाइल्ड लाइन से की थी। इसके बाद बीपीटीपी थाना पुलिस के सहयोग से बच्चों के पिता के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।