फरीदाबाद सेक्टर तीन स्थित प्रथम रेफरल इकाई की फाइल फोटो।
गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी, बीके अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-3 स्थित एफआरयू-2 में जल्द ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने जा रही है। मोबाइल की रोशनी में खुले आसमान के नीचे डिलीवरी की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए सभी कागजी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन खेड़ीकलां स्वास्थ्य केंद्र से एफआरयू-2 में स्थापित की जाएगी। इसके अलावा जिले को चार नई एक्सरे मशीनें भी मिली हैं, जिन्हें विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में लगाया जाएगा।
एफआरयू-2 में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें जांच के लिए बीके अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत निर्धारित जांच दिवस का इंतजार भी नहीं करना होगा। नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड जांच उपलब्ध होने से समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले को मिली चार नई एक्सरे मशीनों की स्थापना की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि इन्हें किन-किन स्वास्थ्य केंद्रों में लगाया जाएगा। इन मशीनों के शुरू होने से मरीजों का भार बीके अस्पताल पर कम होगा और लोगों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही एक्सरे की सुविधा मिल सकेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि बीके अस्पताल के बाद अब एफआरयू-2 में भी अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू की जा रही है। इसके लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। साथ ही जिले को चार नई एक्सरे मशीनें मिली हैं, जिन्हें जल्द ही स्वास्थ्य केंद्रों पर स्थापित किया जाएगा।