प्रॉपर्टी आईडी में सुधार के लिए नगर निगम क्षेत्रों में 35 स्थानों पर लगाए गए शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। प्रॉपर्टी आईडी में सुधार के लिए नगर निगम क्षेत्रों में शनिवार को 35 स्थानों पर शिविर लगाया गया। शिविर की शुरुआत के साथ ही स्थानीय शहरी निकाय विभाग (यूएलबी) का सर्वर लड़खड़ाने लगा। सर्वर डाउन होने से लोगों को परेशानी हुई। लोग घंटों लाइन में लगकर इंतजार करते हुए दिखाई दिए। पहले दिन एक हजार शिकायतें मिलीं।
प्रॉपर्टी आईडी में सुधार के लिए जिला प्रशासन की ओर से शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस तर्ज पर शनिवार को नगर निगम मुख्यालय में शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9:30 से शाम करीब 5 बजे तक आयोजित शिविर में एनआईटी के अलग-अलग हिस्सों के लोग प्रॉपर्टी आईडी की खामियों को दूर कराने के लिए पहुंचे, लेकिन बार-बार डाउन हो रहे सर्वर ने काम में बाधा डाली। सुबह 11 बजे से करीब 12 बजे तक सर्वर डाउन रहा, इसके अलावा करीब 2 बजे से 3 बजे तक सर्वर ठप रहा, जिससे लोग परेशान रहे। कर्मचारियों की मानें तो लोड बढ़ने के कारण बार-बार सर्वर डाउन हो रहा है, शाम को 4 बजे एक बार फिर सर्वर डाउन रहा। करीब 30 मिनट काम प्रभावित हुआ।
रविवार को भी शिविर का आयोजन, सामने आ रही गलतियां
नगर निगम सहित शहर के अलग-अलग हिस्सों में शिविर का आयोजन किया जाएगा। पहले दिन सैकड़ों लोग पहुंचे। प्रॉपर्टी आईडी में सुधार के लिए लगाए गए शिविर में नगर निगम के कर्मचारियों की गलती सामने आ रही है। 70 गज की जमीन को 80 और 80 गज की जमीन को 110 गज कर दिया गया है। एनआईटी-2 निवासी श्वेता शर्मा ने बताया कि उनका 70 गज का मकान है। उसे प्रॉपर्टी आईडी में 80 गज का दिखाया गया है। वह ठीक कराने के लिए नगर निगम के चक्कर काट रही हैं। सर्वर डाउन व भीड़ ज्यादा होने के कारण वापस जा रहे है।
लोगों से बातचीत
80 गज का मकान है, प्रॉपर्टी आईडी में 110 गज का दिखा दिया है, ठीक कराने के लिए नगर निगम के चक्कर लगा रही हूं, कोई सुनवाई नहीं हो रही है, आज भी सर्वर डाउन रहा।
-मधु शर्मा, एनआईटी एक ए ब्लॉक
प्रॉपर्टी आईडी में पति का नाम राजेश की जगह प्रवेश कर दिया है। सेक्टर में लगाए गए शिविर में ठीक करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने निगम भेज दिया। यहां बहुत भीड़ है, न जाने कब नंबर आएगा।
-सुदेश, एनआईटी
एक हजार शिकायतें मिली
नगर निगम के क्षेत्रीय कराधान अधिकारी पदम सिंह ढांडा ने बताया कि निगम क्षेत्रों में 35 जगहों पर प्रॉपर्टी सुधार कैंप लगाए गए। उन्होंने बताया कि पहले दिन करीब एक हजार लोगों की शिकायतें मिलीं। कई की शिकायतें मौके पर ठीक कर दी गईं। रविवार को भी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। पदम सिंह ने कहा कि लोग संबंधित कागजात लेकर शिविर में पहुंचें और सरकार की योजना का लाभ उठाएं।