मोबाइल तोड़ा, मामला चौकी तक पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में सोमवार को दवा काउंटर पर लाइन में लगने को लेकर दो महिलाओं के बीच जमकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में एक महिला को चोटें आईं, जबकि दूसरी पर मोबाइल तोड़ने का आरोप लगा है। बाद में दोनों को बीके चौकी ले जाया गया, जहां समझाने के बाद छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को बीके अस्पताल में भारी भीड़ रहती है। ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर से लेकर दवा काउंटर तक लंबी कतारें लगी रहती हैं। इसी दौरान आरती नामक महिला अपनी सास के साथ दवा लेने अस्पताल पहुंची थी। डॉक्टर से परामर्श के बाद वह दवा काउंटर की लाइन में लग गई।
बताया गया कि इसी बीच एक अन्य महिला लाइन तोड़कर आगे बढ़ने लगी। वहां मौजूद लोगों ने उसे बार-बार लाइन में लगने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर आरती ने भी उसे टोक दिया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दूसरी महिला ने आरती के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने आरती के बाल खींचे और उसके साथ हाथापाई की। इस दौरान मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन मामला कुछ देर तक गरमाया रहा।
आरती का आरोप है कि मारपीट के दौरान दूसरी महिला ने उसका मोबाइल भी तोड़ दिया और उसके कानों के कुंडल भी गिर गए। घटना के बाद दोनों महिलाओं को बीके चौकी ले जाया गया, जहां पर भी एक महिला का व्यवहार आक्रामक बना रहा।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया और बाद में बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। घटना के चलते अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।