आगरा कैनाल रोड पर नाकाबंदी के दौरान बदमाशों ने की 5-6 राउंड फायरिंग
नंबर गेम- 37 मुकदमे दर्ज हैं दोनों पर
दिल्ली निवासी दोनों बदमाशों से पिस्टल, देसी कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 और सेंट्रल की टीम ने 15 सितंबर की देर रात मुठभेड़ के दौरान चोरी की वारदातों में वांछित दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया। आगरा कैनाल रोड पर हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। आरोपियों की पहचान सोनू और राहुल निवासी मोहन नगर, उत्तम नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम-2) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद में चोरी की कई वारदातों में वांछित दो शातिर आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 और सेंट्रल की संयुक्त टीम ने आगरा कैनल रोड पर नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान दोनों आरोपी एक बाइक पर आते दिखाई दिए। सामने पुलिस बल को देखकर आरोपियों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए करीब पांच से छह राउंड गोलियां चला दीं। पुलिस ने भी आत्म रक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे सड़क पर गिर पड़े।
दिल्ली से फरीदाबाद तक फैला था नेटवर्क
पुलिस ने मौके से आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, दो कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। सोनू के खिलाफ दिल्ली में लूट और घरों में चोरी के कुल 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं। राहुल के खिलाफ खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 11 मुकदमे पंजीकृत हैं। दोनों आरोपी फरीदाबाद के थाना ओल्ड फरीदाबाद और सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई चोरी की बड़ी वारदातों में भी पुलिस के लिए वांछित चल रहे थे।
तीसरा साथी शिवम पहले ही चढ़ा था हत्थे
एसीपी क्राइम ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने तीसरे साथी शिवम निवासी मोहन नगर, उत्तम नगर, दिल्ली को 15 सितंबर को ही गिरफ्तार कर लिया था। शिवम से पूछताछ के दौरान ही सोनू और राहुल के फरीदाबाद में होने और बड़ी वारदात की साजिश रचने का खुलासा हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर यह ऑपरेशन चलाकर दोनों को धर दबोचा। फिलहाल दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद दोनों से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।