होडल। मुंडकटी थाना पुलिस ने दिल्ली से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपी बीबीए के छात्र बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुंडकटी थाने की टीम औरंगाबाद गांव के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सराय गांव की ओर से आ रही बिना नंबर प्लेट की बुलेट बाइक पर पुलिस को संदेह हुआ। टीम ने बाइक को रुकवाकर चालक से दस्तावेज मांगे लेकिन वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ में बाइक चालक ने अपनी पहचान शिवम और पीछे बैठे युवक ने लोकेश के रूप में बताई। दोनों ने खुद को बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र बताया और कहा कि बाइक उन्होंने अपने साथी साहिल से मांगी थी। पुलिस ने पोर्टेबल मशीन से बाइक के चेसिस नंबर की जांच की, जिसमें बाइक का असली पंजीकरण नंबर दिल्ली का निकला। जांच में सामने आया कि बाइक नई दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश निवासी पुनीत शर्मा की है। बाइक 12 दिसंबर 2025 को वसंत विहार थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर बाइक जब्त कर ली गई। संवाद