फरीदाबाद। गूगल पर ऑनलाइन कस्टमर केयर का नंबर सर्च करना दो महिलाओं को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवाई और दोनों पीड़ितों के बैंक खातों व क्रेडिट कार्ड से कुल 2.99 लाख रुपये की ठगी कर ली। पहला मामला सेक्टर-77 की जल विहार सोसाइटी निवासी रिटायर्ड उपप्रधानाचार्य कविता चड्ढा का है। 17 सितंबर को उन्होंने पति की दवाइयों की डिलीवरी के लिए ऑनलाइन कुरियर का नंबर खोजा। कॉल करने पर ठग ने गलत पिनकोड सुधारने के नाम पर दो रुपये का भुगतान करने और मोबाइल स्क्रीन शेयर करने को कहा। स्क्रीन शेयर होते ही बैंक खाते से 1.98 लाख रुपये काट लिए गए। दूसरा मामला सेक्टर-86 निवासी शांता चक्रवर्ती का है। नौ सितंबर को उन्होंने मुंबई यात्रा के लिए ट्रेन टिकट बुकिंग के संबंध में ऑनलाइन नंबर तलाशा। स्कैनर भेजकर उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से 1.01 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों पीड़िताओं ने 1930 पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पांच अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद