क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने की कार्रवाई
करीब 54 लोगों से शस्त्र लाइसेंस बनवाने के नाम पर रुपये लेने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। पुलिस ने फर्जी तरीके से शस्त्र लाइसेंस बनवाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फतेहपुर बिल्लौच निवासी ओमबीर और पंजाब के फाजिल्का निवासी हरीश अरोड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव जाजरू निवासी मनीष ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ओमबीर उसके चचेरे भाई नवीन के साथ सेना में नौकरी कर चुका है। ओमबीर ने नवीन को भरोसा दिलाया था कि वह अपने जानकारों के माध्यम से पैसे लेकर शस्त्र लाइसेंस बनवा सकता है। इस झांसे में आकर मनीष के भाई कुलवंत ने ओमबीर के खाते में 95 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
आरोपी ओमबीर कुलवंत को पंजाब के फाजिल्का स्थित एक गन हाउस में भी ले गया था, जहां उसकी मुलाकात राजेश नाम के व्यक्ति से करवाई गई। बाद में पता चला कि पूरा मामला फर्जीवाड़े का था। जांच में यह भी सामने आया कि ओमबीर ने करीब 54 लोगों से शस्त्र लाइसेंस बनवाने के नाम पर रुपये लिए हुए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ओमबीर की पहचान एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से हरीश से हुई थी। हरीश फाजिल्का के न्यू गन हाउस में काम करता है और वह खुद को गन हाउस का मालिक राजेश बताकर लोगों को झांसे में लेता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि हरीश ने जम्मू-कश्मीर से फर्जी लाइसेंस तैयार करवाए थे। ओमबीर ने हरीश को 82 हजार रुपये भेजे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।