फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: ग्रेटर फरीदाबाद में दो नए मिनी सेक्टर बसाने की तैयारी

विज्ञापन
सेक्टर 79 में सड़क के पास खाली पड़ी प्राधिकरण की जमीन फाइल फोटो
विज्ञापन
सेक्टर-79 के बाद अब 89 में भी विकास की रफ्तार तेज
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद में तेजी से फैलते शहरी दायरे को व्यवस्थित रूप देने की दिशा में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने दो नए मिनी सेक्टर बसाने की तैयारी शुरू कर दी है। सेक्टर-79 के साथ अब सेक्टर-89 में भी करीब 30 से 40 एकड़ क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा।

प्राधिकरण का फोकस इन क्षेत्रों को केवल बसाने तक सीमित नहीं है। यहां शुरुआत से ही सड़क, पानी और सीवरेज जैसी जरूरी सुविधाएं विकसित करने की है। इसके लिए विस्तृत योजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ाया जा रहा है। दोनों मिनी सेक्टरों में मूलभूत सुविधाएं विकसित करने पर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें चौड़ी सड़कों का निर्माण, सीवरेज नेटवर्क, पेयजल पाइपलाइन और वर्षा जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है।
विज्ञापन


खासतौर पर सेक्टर-89 में काम का दायरा बड़ा रखा गया है। यहां जमीन को निर्माण योग्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर समतलीकरण किया जाएगा। करीब 99 हजार क्यूबिक मीटर मिट्टी डालकर लेवल ठीक किया जाएगा। साथ ही 2600 मीटर से अधिक लंबी सीवरेज लाइन और करीब 1600 मीटर पेयजल पाइपलाइन बिछाने की योजना है।

ग्रेटर फरीदाबाद के कई सेक्टर हर साल मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से जूझते हैं। सेक्टर-79 और 89 के आसपास की जमीनें भी अब तक इसी समस्या का सामना करती रही हैं। नई योजना के तहत स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जाएगा जिससे बारिश के पानी की निकासी सुचारू हो सके। इसके साथ ही सीवरेज लाइन बिछने से गंदे पानी की समस्या भी काफी हद तक सुलझने की उम्मीद है।

खाली पड़ी जमीनों को मिलेगा नया उपयोग

अब तक सेक्टरों के किनारों पर पड़ी मार्जिनल लैंड बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बेकार मानी जाती थी। एचएसवीपी की इस पहल से इन जमीनों को उपयोग में लाने का रास्ता खुलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे ही इन इलाकों में सड़क, पानी और सीवरेज की सुविधा पहुंचेगी, इनकी उपयोगिता और कीमत दोनों बढ़ेंगी। इससे आसपास के क्षेत्रों का विकास भी तेज होगा और अवैध कब्जों पर भी रोक लग सकेगी।

प्रॉपर्टी बाजार को मिलेगा सहारा

मिनी सेक्टर विकसित होने से ग्रेटर फरीदाबाद के प्रॉपर्टी बाजार में भी हलचल बढ़ने की संभावना है। बेहतर सुविधाएं और कनेक्टिविटी मिलने से यहां निवेश बढ़ेगा। स्थानीय लोग भी लंबे समय से इस तरह के विकास की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में यहां रहना मुश्किल था लेकिन अब सड़क पानी और सीवरेज जैसी सुविधाएं मिलने से जीवन स्तर में सीधा सुधार होगा।

18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य

सेक्टर-89 में इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का लक्ष्य करीब 18 महीने रखा गया है। निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए तय अवधि के बाद भी कुछ समय तक रखरखाव की जिम्मेदारी एजेंसी के पास रहेगी। प्राधिकरण का दावा है कि परियोजना में टिकाऊ सामग्री और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि तैयार की गई सुविधाएं लंबे समय तक बिना बड़ी दिक्कत के काम करती रहें।
विज्ञापन


लोगों की सुविधा के लिए प्राधिकरण की तरफ से मार्जिनल लैंड को विकसित किया जा रहा है। जल्द ही इसका काम पूरा कर लिया जाएगा।- संदीप दहिया, अधीक्षक अभियंता एचएसवीपी




मोहित
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें