फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को कोरोना से संक्रमित पाए गए दो नए मामलों की पुष्टि की है। संक्रमितों की संख्या अब 96 हो गई है।
कोविड-19 नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि रविवार को दो नए मामले मिले हैं। इसमें एक सेक्टर-62 में रहने वाला 42 वर्षीय व्यक्ति है। संक्रमित की सरूरपुर क्षेत्र में इंडस्ट्रियल यूनिट है। वह निजी अस्पताल में नक्सीर की समस्या के कारण भर्ती हुए हैं। अस्पताल की ओर से कोरोना जांच कराई गई। इसमें व्यक्ति संक्रमित मिला। संक्रमित रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह ग्रस्त है। दूसरा मामला सेक्टर-16 स्थित एसबीआइ बैंक के उप प्रबंधक का है। यह बैंक सेक्टर-16 की समन्वय जांच केंद्र के साथ स्थित है। यह जांच केंद्र इन दिनों संक्रमण का केंद्र बन चुका है। जांच केंद्र से संबंधित चार लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में बैंक के करीब 20 कर्मचारियों और अधिकारियों ने संक्रमण जांच कराई थी। नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि रविवार को संक्रमित पाए गए दोनों ही लोगों में कोरोना के लक्षण नहीं थे।