अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने की कार्रवाई, आरोपियों को रिमांड पर लिया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जुन्हैड़ा गांव में झगड़े के दौरान गोली चलाने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में छांयसा निवासी रिहान और बल्लभगढ़ सेक्टर-62 निवासी अजहरुद्दीन शामिल हैं। आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में पता चला कि वारदात के दौरान दोनों मौके पर मौजूद थे और झगड़े में शामिल थे। रिहान नाई का काम करता है और अजहरुद्दीन आईएमटी स्थित दूध के प्लांट में काम करता है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर अपराध शाखा सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है। इससे पहले भी मामले में दो आरोपियों को टीम गिरफ्तार कर चुकी है।
जुन्हैड़ा गांव में ये वारदात तीन अगस्त को हुई थी। मामले में जुन्हैड़ा गांव निवासी मनीष ने तिगांव थाने में शिकायत दी। इसमें कहा गया कि वो और उनके भाई श्रीकांत तीन साल पहले अटाली गांव निवासी गौरव की जिम में जाते थे। उस दौरान प्रदीप व गौरव का झगड़ा हुआ था। बाद में प्रदीप शिकायतकर्ता का दोस्त बन गया। तीन अगस्त को मनीष का जन्मदिन था तो वो अपने भाई श्रीकांत, प्रदीप व अन्य के साथ अटाली गांव के ढाबे पर खाना खा रहे थे।
आरोप है कि तभी वहां अटाली गांव के युवक आ गए और तीन साल पहले गौरव के साथ झगड़े को लेकर प्रदीप के साथ गाली-गलौज करने लगे। मनीष वहां से निकलकर अपने गांव चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद गौरव ने मनीष को कॉल कर धमकी दी। फिर गौरव अपने साथियों को लेकर जुन्हैड़ा गांव पहुंचा और गोली चला दी। तिगांव थाने में हत्या के प्रयास की धारा में एफआईआर दर्ज की गई। मामले में जांच करते हुए पुलिस ने अब आरोपियों को गिरफ्तार किया है।