-पुलिस ने आरोपी चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला सदर थाना क्षेत्र के केएमपी रोड़ का है। जहां ललितपुर निवासी पंकज कुमार ने शिकायत में बताया कि रीतपुर गांव के पास उसके ट्रक को अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिसके कारण ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चालक सोनू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा मामला हसनपुर थाना क्षेत्र का है। बांसवा निवासी गुलशन कुमार और उसका साथी संजू देर रात बाइक से लौट रहे थे। तभी रामगढ़ के पास एक बलेनो कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके पैर टूट गए।
मुंडकटी थाना क्षेत्र में अटाली निवासी पंकज अपनी पत्नी प्रेमलता और मां बीना देवी के साथ बाइक से लौट रहे थे। तूमसरा टोल टैक्स के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने गलत लेन में आकर टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को दिल्ली और नोएडा के अस्पतालों में रेफर किया गया है। शहर थाना क्षेत्र में मथुरा निवासी चंद्रा देवी को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान चंद्र देवी की मौत हो गई। चंद्र देवी अपने पति के साथ बल्लभगढ़ जा रही थी। उधर, उटावड़ थाना क्षेत्र में आकेड़ा निवासी मुफीद को एक स्विफ्ट कार ने सर्विस स्टेशन पर खड़ी बाइक समेत टक्कर मार दी, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए।