संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनटीपीसी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार और शनिवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने विज्ञान (माध्यमिक स्तर) विषय पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यशाला का संचालन सीबीएसई की रिसोर्स पर्सन सुमन सिंह और परवीन कुमार ने किया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि विज्ञान विषय को किस प्रकार नीरस और कठिन न बनाकर विद्यार्थियों के लिए आकर्षक और सरल बनाया जा सकता है। उन्होंने गतिविधि-आधारित शिक्षण, प्रयोगात्मक अधिगम, कला-संयोजन, नवीन तकनीकी साधनों और दैनिक जीवन की स्थितियों से जोड़कर पढ़ाने की पद्धतियों पर विशेष बल दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अल्का अरोड़ा ने दो दिवसीय सत्र की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को आधुनिक तकनीक और शिक्षण पद्धतियों से जोड़ते हैं।