सेक्टर-24 और नहर पार क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन मिलने पर एचएसपीसीबी ने की कार्रवाई
सरूरपुर और नेकपुर में मिले अवैध उद्योग
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच प्रशासन ने धूल और धुआं फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के नियमों का पालन नहीं करने पर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने सेक्टर-24 और नहर पार क्षेत्र में दो निर्माण साइटों को बंद करा दिया। वहीं, सरूरपुर और नेकपुर क्षेत्र में आठ अवैध उद्योगों की पहचान कर उनके संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जिले में वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए एचएसपीसीबी की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के इंतजामों की जांच की जा रही है। मंगलवार को सेक्टर-24 और नहर पार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान दो निर्माण साइटों पर निर्धारित मानकों का उल्लंघन मिला। यहां निर्माण कार्य के दौरान धूल के फैलाव को रोकने के लिए जरूरी उपाय नहीं किए गए थे। इसके बाद दोनों साइटों को बंद करने की कार्रवाई की गई।
इसी अभियान के दौरान सरूरपुर और नेकपुर क्षेत्र में आठ अवैध उद्योग भी चिह्नित किए गए। इन उद्योगों के संचालन से संबंधित नियमों की जांच के बाद संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इन इकाइयों को बंद करने की कार्रवाई के लिए जवाब मांगा गया है।
डस्ट पोर्टल पर पंजीकरण और नियमों का पालन जरूरी
उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देश पर जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमें नियमित निगरानी कर रही हैं। निर्माण स्थलों पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों और डस्ट पोर्टल से जुड़े नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है। निर्माण एजेंसियों को धूल रोकने के लिए निर्धारित उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने निर्माण एजेंसियों और आमजन से भी प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की है।