- सूरजकुंड और डबुआ थाना में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। व्यापारी से रंगदारी मांगने वाले बदमाशों के साथ दो अलग-अलग जगह पर हुए एनकाउंटर को लेकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। ये एफआईआर सूरजकुंड और डबुआ थाना में दर्ज की गई है। सूरजकुंड थाना में रोहित और शशिकांत के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला करने और डबुआ थाना में इन दोनों के अलावा मनीष व कमल भड़ाना पर भी एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से कुल आठ हथियार बरामद किए गए हैं। इनसे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीमें अन्य आरोपियों को पकड़ने के भी प्रयास कर रही है।अपराध शाखा की टीमों और बदमाशों के बीच शनिवार सुबह दो स्थानों पाली-भाकरी रोड और पाली-सूरजकुंड रोड पर मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ के बाद चारों आरोपियों को पुलिस टीम ने काबू कर लिया। बाद में सूरजकुंड थाना इलाके में हुई मुठभेड़ को लेकर अपराध शाखा बीपीटीपी के एसआई दीपक लोहान की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें पकड़े गए आरोपी ऊंचा गांव निवासी रोहित उर्फ छिदा और पल्ला थाना की सरस्वती कॉलोनी में फिलहाल रह रहे यूपी वाराणसी के मूल निवासी शशिकांत पर एफआईआर हुई है। दोनों पर आरोप है कि इन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चलाई और सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने के साथ ही हत्या का प्रयास किया।
इसी तरह डबुआ थाना इलाके में हुई मुठभेड़ को लेकर अपराध शाखा सेक्टर-30 के इंस्पेक्टर अनिल कुमार की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। इन्होंने आरोप लगाया है कि रोहित उर्फ छिदा व शशिकांत के अलावा मनीष उर्फ गोलू व कमल भड़ाना ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाई और हत्या का प्रयास किया।