संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे नंबर-19 पर स्थित मुजेसर मेट्रो स्टेशन के पास देर रात मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू आपस में टकरा गईं। इस दौरान बीएमडब्ल्यू ने एक बाइक को भी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों को चोट आई। हादसे के बाद दोनों कार के चालक मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर क्षतिग्रस्त गाड़ियों को क्रेन की मदद से हटाया।
प्रत्यक्षदर्शी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि वह शादी समारोह से पलवल से लौट रहे थे। उनका आरोप है कि दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे नंबर 19 पर एस्कॉर्ट्स मुजेसर मेट्रो स्टेशन पर तेज रफ्तार में दो कारें उनकी गाड़ी को क्राॅस करते हुए निकल गई। कुछ दूरी पर जाने के बाद दोनों गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई।
स्थानीय व्यक्ति रमेश ने बताया कि बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज हाइवे पर तेजी से दौड़ रही थी। मर्सिडीज आगे चल रही थी, जबकि बीएमडब्ल्यू पीछे चल रही थी। मर्सिडीज ने रोड पर चल रही एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक दूर जाकर गिरी। वहीं पीछे तेज रफ्तार में आ रही बीएमडब्ल्यू ने मर्सिडीज में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मर्सिडीज घूम कर रोड के बीच में खड़ी हो गई । टक्कर से बीएमडब्ल्यू का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बाइक पर दो लोग सवार थे, बाइक सवार राकेश ने बताया कि दोनों को चोट आई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया दोनों गाड़ियों के चालक की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।