पलवल। सीआईए स्टाफ पलवल और थाना मुंडकटी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनएच-19 स्थित मित्रोल लिंक रोड से दो किलो 40 ग्राम गांजे के साथ एक तस्कर और दो कथित खरीदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार और एक बाइक भी जब्त की है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने बताया कि सोमवार की रात एएसआई सुंदर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जैंदीपुरा निवासी साहिल कार में गांजा लेकर बिक्री के लिए मित्रोल लिंक रोड पर पहुंचा है, जहां दो युवक उससे नशीला पदार्थ खरीदने आए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर साहिल, जैंदीपुरा निवासी तुलसी और सोहना (गुरुग्राम) निवासी चिराग को काबू कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली गई। साहिल के पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से दो किलो 40 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों से गांजा रखने संबंधी कोई लाइसेंस या वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका। पुलिस ने बरामद गांजा, कार और बाइक को कब्जे में लेकर तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।