फरीदाबाद के मांगर क्षेत्र में शनिवार सुबह बस का इंतजार कर रहे चार लोगों को तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने कुचल दिया। हादसे में दो सगे भाइयों अखिलेश और अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी दोनों बहनें सरोज और राजकुमारी घायल हो गईं। सरोज की हालत गंभीर है और उनका इलाज फरीदाबाद के निजी अस्पताल में चल रहा है। दोनों भाइयों के शव पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजे गए हैं।
हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। परिजनों के अनुसार, अखिलेश, अवधेश और उनकी दोनों बहनें सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे थे। चारों मुख्य सड़क से करीब 50 मीटर से अधिक दूरी पर खड़े थे। इसी दौरान फरीदाबाद पंजीकरण नंबर वाली तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर वहां पहुंची और चारों को कुचल दिया। हादसे में अखिलेश और अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरोज और राजकुमारी घायल हो गईं।
सरोज को गंभीर चोटें आने के कारण दिल्ली के ट्रामा सेंटर भेजा गया है, जबकि राजकुमारी का भी उपचार चल रहा है। परिवार के चाचा नन्हे ने बताया कि दोनों बहनें पलवल में रहती हैं और रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए आई थीं। राखी बांधने के बाद दोनों भाइयों के साथ वापस पलवल लौटने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं।
इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने चारों को कुचल दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे में शामिल फॉर्च्यूनर की पहचान कर ली गई है। परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है। पुलिस कार चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।