कुत्ते के गाड़ी के नीचे आने पर हुआ था विवाद, क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने की कार्रवाई
दोनों आरोपियों को सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-31 क्षेत्र में कुत्ते के कार के नीचे आने को लेकर हुए विवाद में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बसेलवा कॉलोनी निवासी रोहताश और राजीव नगर निवासी देव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-29 निवासी अविनाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 नवंबर की रात वह अपने परिवार के साथ सेक्टर-31 स्थित एक होटल में गए थे। वहां से लौटते समय जब वह अपनी गाड़ी पार्किंग से पीछे कर रहे थे, तभी गाड़ी के नीचे एक कुत्ता आ गया। इस बात को लेकर वहां खड़े कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हो गया। आरोप है कि लोगों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने अविनाश और उनके रिश्तेदार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना के संबंध में थाना सेक्टर-31 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 नवंबर को रोहताश और देव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों वारदात के समय घटनास्थल पर मौजूद थे और उन्होंने शिकायतकर्ता पर लात-घूंसों से हमला किया था।
पुलिस के मुताबिक रोहताश के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े के चार से पांच मामले दर्ज हैं, जबकि देव का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में उनकी भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।