मशीन में पैसे डालने वाले कर्मचारी ने ही योजना बनाकर दिया था वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एटीएम से 12 लाख रुपये चोरी करने के मामले में अपराध शाखा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप पिछले 4 साल से एटीएम में रुपये डालने वाली कंपनी में नौकरी करता है। उसने ही योजना के तहत चंदन को एटीएम मशीन के पैसे चोरी करने में शामिल किया था।
पुलिस को 29 नवंबर की रात भूड़ कॉलोनी ओल्ड फरीदाबाद स्थित एक एटीएम से 12 लाख रुपये चोरी होने की सूचना मिली। उसके बाद ओल्ड थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। इसके संबंध में बैंक मैनेजर से संपर्क कर घटना बताई। उसके बाद राजीव कुमार पाठक ने 30 नवंबर को एटीएम से पैसे चोरी होने की ओल्ड फरीदाबाद पुलिस को शिकायत दी। ओल्ड फरीदाबाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते जांच शुरू की तो पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अपराध शाखा टीम ने आरोपी संदीप को इस्माइलपुर तथा चंदन को बदरपुर बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप इस्माइलपुर पल्ला का रहने वाला है। जबकि चंदन मदनपुर खादर दिल्ली का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संदीप पिछले 4 साल से एटीएम में रुपये डालने वाली कंपनी में नौकरी करता है। आरोपी संदीप ने योजना के तहत चंदन को एटीएम मशीन के पैसे चोरी करने में शामिल किया। चंदन से संदीप ने सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे करके चोरी की वारदात दिखाने की कोशिश की। चंदन को 50 हजार रुपये देने की मुख्य आरोपी संदीप ने बात कहीं थी। आरोपी संदीप ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 12 लाख रुपये का गबन किया है। उसके बाद पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश करके दो दिन की रिमांड पर लिया है।