-एक आरोपी पर 37 और दूसरे पर तीन मामले दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। चोरी के 40 मुकदमों में नामजद दो शातिर चोरों को अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को ग्रीनफील्ड कॉलोनी की कपड़ा दुकान में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों में एक पर 37 और दूसरे पर तीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-82 निवासी नीरज ने शिकायत दी थी कि चार जनवरी 2026 को ग्रीनफील्ड कॉलोनी स्थित उसकी कपड़े की दुकान का ताला तोड़कर चोर कपड़े, कैमरे और नकदी चोरी कर ले गए थे। मामले में सूरजकुंड थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान 29 मई को अपराध शाखा सेक्टर-85 ने दिल्ली के उत्तम नगर निवासी सन्नी और जतिन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस जांच में सामने आया कि सन्नी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ दिल्ली व फरीदाबाद में चोरी के 37 मामले दर्ज हैं। वहीं जतिन के खिलाफ भी तीन आपराधिक मामले दर्ज पाए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।