खाताधारक सहित दो को शामली से किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के सुभाष कॉलोनी निवासी व्यक्ति का फोन हैक कर 27 हजार रुपये ठगने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान शामली निवासी कपिल देव और मोहन के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने दो मई को दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के शामली से पकड़ा है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी कपिल एमए पास है और मोहन 12वीं तक पढ़ा है।
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित 14 दिसंबर 2025 को फेसबुक पर सर्फिंग कर रहा था, तभी उसे फ्री टीवी गार्डन एप्लीकेशन का एक लिंक दिखा। लिंक पर जानकारी भरते ही उसका फोन हैक हो गया और खाते से 27 हजार रुपये निकल गए। मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच में सामने आया कि कपिल देव ने अपना बैंक खाता मोहन को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी की राशि मंगवाई गई थी। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।