साइबर थाना सेंट्रल ने की टीम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों पर कार्रवाई करते हुए साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने 2.61 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में खाताधारक सहित दो आरोपियों को चूरू से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-35 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर उसको आईआईएफएल का लिंक दिखाई दिया जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक किया तो उसके पास एक मैसेज आया, जिस नंबर पर निवेश के लिए उसकी बात होने लगी। जिसके बाद ठगों ने उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोडा, जहां पर शेयर मार्केट व आईपीओ में निवेश के लिए जानकारी दी जाती थी। फिर एक लिंक भेज कर उसकी जानकारी ली गई और उसका खाता खुलवाया गया। ठगों ने उसे विभिन्न शेयर और आईपीओ में निवेश करने के बारे में बताया। जिस पर उससे निवेश के लिए ठगों द्वारा बताए गए विभिन्न खातों में 2.61 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने लाभ के साथ पैसे देने को कहा तो अलग अलग चार्ज के नाम पर और पैसों की मांग की गई। जिस शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए निसार खान व रिजवान निवासी चूरू राजस्थान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी दोस्त है और रिजवान ठगों के लिए खाता उपलब्ध करवाता था। उसने निसार का खाता लेकर आगे ठगों को दिया था। दोनों 12वीं पास हैं। रिजवान कपड़ों की दुकान चलाता है वहीं निसार एक दवाइयों की दुकान पर काम करता है। निसार के इस खाते को लेकर दिल्ली और महाराष्ट्र में भी दो शिकायतें ठगी की दर्ज हैं। आरोपियों को पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।