साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने पकड़े आरोपी
5 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी मामले में 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दिल्ली के तिलक विहार का रहने वाला परमजीत और कादीपुर का हरजीत सैनी शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि दोनों टेलीग्राम के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। उन्होंने शिकायतकर्ता को कॉल कर क्रेडिट कार्ड की जानकारी प्राप्त की और जानकारी का दुरुपयोग कर ऑनलाइन सामान ऑर्डर किया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सराय ख्वाजा इलाके के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में कहा गया कि 27 सितंबर 2025 को उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को क्रेडिट कार्ड विंग का कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का ऑफर दिया। आरोपी ने उनके पास एक लिंक भेजा और लिंक पर उसके क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी भरवाई। जानकारी देते ही शिकायतकर्ता के खाते से 56894 रुपये कट गये। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।