दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पे-आउट सर्विस उपलब्ध कराने का झांसा देकर 8.50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके साथी खाताधारक को बिहार के औरंगाबाद जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गौरव (36) और अभिषेक (32) के रूप में हुई है। दोनों को 29 जुलाई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, सेक्टर-62 निवासी एक कारोबारी ने शिकायत दी थी कि वह कोल्ड ड्रिंक का थोक कारोबार करता है और उसकी सेक्टर-64 में फर्म है। अक्तूबर 2025 में उसने इंस्टाग्राम पर पे-आउट सर्विस उपलब्ध कराने का एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन के माध्यम से संपर्क करने पर सामने वाले ने अपना नाम गौरव कुमार बताया। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई।
आरोप है कि गौरव ने पे-आउट सर्विस उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग लेनदेन में शिकायतकर्ता से कुल 8.50 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। रकम लेने के बाद न तो कोई सर्विस उपलब्ध कराई गई और न ही रुपये लौटाए गए। शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि पूरे घटनाक्रम का मुख्य सूत्रधार गौरव था, जिसने शिकायतकर्ता से संपर्क किया था। वहीं, गिरफ्तार आरोपी अभिषेक के बैंक खाते में ठगी की पूरी राशि आई थी। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों आपस में दोस्त हैं और अभिषेक ने अपना बैंक खाता गौरव को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। खाते का संचालन भी गौरव ही कर रहा था। पुलिस के अनुसार, गौरव एमबीए पास है और पहले गुरुग्राम की एक कंपनी में पे-आउट सर्विस प्रोवाइडर के रूप में काम कर चुका है, जबकि अभिषेक आईटीआई पास है। मामले की जांच जारी है।