साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने पकड़े आरोपी
6 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 50.60 लाख रुपये की ठगी मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में यूपी आगरा का रहने वाला अमान हुसैन (34) और मथुरा का अमन कौशल (21) शामिल हैं। अमन कौशल अब गाजियाबाद में रहता है। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अमान हुसैन ने अपना बैंक खाता आरोपी अमन कौशल को दिया था। इस बैंक खाते में ठगी के 25 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी अमान हुसैन जूते बेचने का कार्य करता है, जबकि अमन कौशल बेरोजगार है। आरोपियों को 6 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-22 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि 6 जुलाई 2025 को उन्हें व्हाट्सएप पर एक एप बेस्ड निवेश ग्रुप में जोड़ा गया। इसके बाद उनका एक ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया और आगे एक अन्य ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में उन्हें 2-3 महीनों में 850 प्रतिशत तक मुनाफा कमाने का लालच दिया। झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने विभिन्न ट्रांजेक्शन में ठगों द्वारा बताए गए बैंक खातों में कुल 50.60 लाख रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद उनके ट्रेडिंग अकाउंट में मुनाफे के साथ लगभग 3 करोड़ रुपये दिखाने लगे। शिकायतकर्ता ने रिफंड का प्रयास किया लेकिन रिफंड नहीं मिला। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।