संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने क्रेडिट कार्ड प्वाइंट रिडीम कराने के नाम पर ठगी करने वाले दो साइबर आरोपियों को 19 मई को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद अबरार उर्फ शाहरुख और सन्नी निवासी रघुवीर नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पड़ोसी हैं। मोहम्मद अबरार लोगों को कॉल कर झांसे में लेता था, जबकि सन्नी कॉलिंग के लिए डाटा उपलब्ध करवाता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें सात दिन के रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि ओल्ड फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि पांच मई को उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताते हुए कार्ड प्वाइंट रिडीम कराने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता के मोबाइल पर एक लिंक भेजा और उसमें क्रेडिट कार्ड संबंधी जानकारी भरवा ली। जानकारी भरते ही शिकायतकर्ता के क्रेडिट कार्ड से 91,441 रुपये कट गए। शिकायत मिलने पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।