फरीदाबाद पुलिस ने महिला के सैलून पर ग्राहक बनकर कैमरे वाले चश्मे से वीडियो रिकॉर्डिंग कर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये ठगने वाले दो को हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी इंस्टाग्राम पर स्टिंग ऑपरेशन वीडियो देखकर इसी तरीके को अपनाते थे। पुलिस ने दोनों को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला से ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ब्लैकमेल कर 10 हजार रुपये ठगने वाले आरोपियों की पहचान प्रभात कुमार और अभिषेक राणा निवासी कमरूद्दीन नगर समाना, हापुड़ के रूप में हुई है। मंगलवार को हापुड़ से गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार फरीदाबाद निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि 22 जनवरी को उसके पास एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने महिला को कुछ फोटो भेजकर बदनाम करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण महिला ने आरोपियों द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर दस हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
महिला के सैलून पर ग्राहक बनकर पहुंचे थे आरोपी
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी इंस्टाग्राम पर एक स्टिंग ऑपरेशन वीडियो देखकर प्रभावित हुए थे। इसके बाद उन्होंने कैमरे वाला चश्मा खरीदा और वारदात को अंजाम देना शुरू किया।
विज्ञापन
आरोपी महिला के सैलून पर ग्राहक बनकर पहुंचे और बातचीत के दौरान चश्मे में लगे कैमरे से वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। साथ ही महिला का मोबाइल नंबर भी हासिल कर लिया। बाद में रिकॉर्डिंग भेजकर महिला को धमकाया गया और रुपये मांगे गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी जून 2025 में बुलंदशहर के इसी तरह के मामले में जेल जा चुके हैं।