फरीदाबाद। एक प्रतिशत कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में दो लोगों को साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुजरात भावनगर निवासी निकुंजा सतुरिया बाबू भाई और सूरत निवासी अंकित कालू भाई पैठानी के तौर पर हुई। आरोपी निकुंजा (28) खाताधारक है, जिसके खाते में ठगी के 5 लाख रुपये आए थे। इस खाते को लेकर 5 अन्य शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी अंकित (27) ने ये खाता साइबर ठगों तक पहुंचाने में बिचौलिये की भूमिका निभाई और इसने भी 1 प्रतिशत कमीशन के लिए ऐसा किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को मामले में पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। टीम अब अन्य आरोपियों का पता लगा रही है। इस मामले में अब तक छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को ये शिकायत 28 जुलाई 2024 को सेक्टर-22 निवासी व्यक्ति ने दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर उनसे 7.20 लाख रुपये ठग लिए गए थे। संवाद