फरीदाबाद पुलिस ने मानव संसाधन प्रबंधक लक्ष्मण की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी तरुण उर्फ नवीन के पैर में गोली लगी है।
थाना आदर्श नगर क्षेत्र के डीलर चौक पर एचआर मैनेजर साहूपुरा निवासी लक्ष्मण की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को फरीदाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी तरुण उर्फ नवीन निवासी ऊंचा गांव के पैर में गोली लगी है। उसके पास से मौके पर एक देसी पिस्टल बरामद की गई। दूसरे आरोपी जतिन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा ऊंचा गांव और अपराध शाखा सेक्टर-65 की संयुक्त टीम को 7-8 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी सेक्टर-62 स्थित सीवर पाइप के एक गोदाम में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोदाम पर दबिश दी।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर दो गोली चलाई थीं।इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तरुण उर्फ नवीन के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से काबू कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की वारदात में उनकी भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।