फरीदाबाद। एमबीए अंतिम वर्ष के छात्र कविश खन्ना की मौत मामले में पकड़े गए चारों आरोपियों को क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया। यहां से गांव अजरोंदा निवासी पिंटू खान और सेक्टर-22 निवासी विशाल को जेल भेज दिया गया। दोनों आरोपियों से कविश की स्कूटी, मोबाइल व नकदी बरामद कर ली गई है। वहीं पर्वतीय कालोनी निवासी दीपक और मुजेसर मच्छी मार्केट निवासी राम को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। क्राइम ब्रांच अब इस मामले में जुड़े ड्रग के नेटवर्क पर काम करेगी।
रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि ये ड्रग कहां से लेकर आते हैं। उनका जाल कहां तक फैला हुआ है और शहर में उनके कौन-कौन सप्लायर हैं। ड्रग सप्लाई का मुख्य आरोपी सेक्टर-22 निवासी लाला अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। लाला की गिरफ्तारी के बाद ही ड्रग नेटवर्क का पूरा जाल सामने आएगा।
विशाल ने कविश को दिया था ओवरडोज इंजेक्शन
क्राइम ब्रांच द्वारा की गई पूछताछ में यह सामने आया है कि पिंटू ने कविश को प्रेस कालोनी में बुलाया था। यहां विशाल भी पहुंच गया। विशाल ने कहा कि उसे इंजेक्शन लगाना आता है। उसने इंजेक्शन भरा और कविश की हाथ की नस में लगा दिया। विशाल ने इंजेक्शन में नशे की मात्रा पर ध्यान नहीं दिया। उसने इसकी डोज को ओवर कर दिया। इतनी ज्यादा मात्रा में नशा कविश झेल नहीं पाया। विशाल और पिंटू ने भी इंजेक्शन लिया था, लेकिन उसकी मात्रा कम थी।