फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच टीमों ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, पहली कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम द्वारा की गई, जिसमें पुरानी चुंगी हुड्डा मार्केट से आरोपी लक्की निवासी ओल्ड फरीदाबाद को दबोचा गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई में अपराध शाखा एपीटीएस-2 की टीम ने सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट के पास से अजय निवासी पलवल को गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपियों के पास से एक-एक कट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) के तहत एफआईआर दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। संवाद