पांचवीं पास बेरोजगार और 12वीं पास फैक्टरी मजदूर निकले आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पांचवीं तक पढ़ा और बेरोजगार युवक व 12वीं तक पढ़ा फैक्टरी मजदूर साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में आरोपी पाए गए। साइबर थाना एनआईटी ने दोनों को आठ अगस्त को गिरफ्तार किया है।
इनमें रायसेन, मध्य प्रदेश निवासी सतीश (28) पर 23 मई को फोन हैक कर ठगी की रकम अपने खाते में लेने का आरोप है। वहीं, मथुरा निवासी वारिश (19) पर सेक्टर-21 निवासी महिला से पिता का जानकार बनकर ठगने के मामले में इस्तेमाल हुए खाते का धारक होने का आरोप है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार गांव गोठरा निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 23 मई को उसका मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से 45 हजार रुपये निकाल लिए गए। जांच के दौरान पुलिस ने उस खाते की जानकारी जुटाई, जिसमें ठगी की रकम पहुंची थी। खाते के धारक सतीश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार सतीश 12वीं तक पढ़ा है और फैक्टरी में मजदूरी करता है।
दूसरे मामले में महिला को फोन कर आरोपी ने खुद को उसके पिता का जानकार बताया और रुपये भेजने की बात कही। इसके बाद महिला को रकम जमा होने के फर्जी संदेश भेजे गए। विश्वास में आकर महिला ने बताए गए खाते में 25 हजार रुपये भेज दिए। बाद में खाते में रकम नहीं आने पर उसे ठगी का पता चला। जांच में खाते के धारक वारिश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वारिश पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है और वर्तमान में बेरोजगार है। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।