साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने पकड़े आरोपी, टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बैंककर्मी बनकर 11.55 लाख रुपये की ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में यूपी बदायूं निवासी दारेन खान और बिलाल शामिल हैं। पूछताछ में पता चला कि दारेन खान ने अपना बैंक खाता बिलाल के जरिये साइबर ठगों को बेचा था। इस खाते में ठगी के 4.40 लाख रुपये आए थे। दारेन खान सातवीं और बिलाल 10वीं पास है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
मामले में सेक्टर-82 निवासी व्यक्ति ने साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत दी। इसमें कहा गया कि उन्हें यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की फरीदाबाद शाखा में अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कराना था। इसके लिए बैंक की वेबसाइट पर जाकर ब्रांच का नंबर ढूंढा। उस नंबर पर कॉल की लेकिन जवाब नहीं मिला। कुछ देर बाद शिकायतकर्ता के पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का कर्मचारी बनकर बात की और बहाने से खाते व डेबिट कार्ड की डिटेल ली। बाद में बैंक खाते से 11.55 लाख रुपये कट गए। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।