दोनों आरोपी उजैर खान व समीर हुसैन दिल्ली के सीलमपुर इलाके के रहने वाले
आरोपियों ने ठगों को मुहैया कराई थी फर्जी सिम
पूछताछ के बाद आरोपियों को भेजा गया जेल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी मामले में दो अन्य आरोपियों को साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी उजैर खान व समीर हुसैन दिल्ली के सीलमपुर इलाके के रहने वाले हैं। इनसे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उजैर व समीर इस मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी विशाल व योगेश को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध करवाते थे। इन सिम का प्रयोग आरोपी ठगी के लिए कॉलिंग करते थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत पल्ला इलाके की रहने वाली महिला ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि 12 नवंबर को उनके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने खुद को एवियेशन कंपनी की कर्मचारी बताकर कहा कि उनकी कंपनी एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ की नौकरी दिलवाने का कार्य करती है। इसके बाद शिकायतकर्ता व उसकी बहन का कॉल पर ही इंटरव्यू लिया और कुछ समय बाद उन्हें चयन होने की जानकारी दी। बाद में आरोपियों ने ड्रेस, कैंटीन कार्ड, ट्रेनिंग व अन्य औपचारिकताओं के नाम पर शिकायतकर्ता से 43800 रुपये बैंक खाते में जमा करवा लिए।
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों में फरीदाबाद के अमर नगर के विशाल कुमार और यूपी सुल्तानपुर के योगेश कुमार को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ के बाद अब दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
नौकरी के बहाने यौन शोषण का मामला फरीदाबाद में नहीं
पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार किए विशाल व योगेश से पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि इन्होंने नौकरी दिलाने के बहाने अलग-अलग युवतियों से दोस्ती कर उनका यौन शोषण भी किया। आरोपियों ने युवती को कॉल तो ठगी के लिए की थी लेकिन बाद में उन युवतियों से इनकी बातचीत होने लगी और फिर दोस्ती कर प्रेमजाल में फंसाकर इन्होंने यौन शोषण किया। अब तक की पूछताछ में फरीदाबाद की ऐसी किसी युवती का नाम पुलिस के सामने नहीं आया है। तीन युवतियों के साथ आरोपियों ने यौन शोषण करना कबूला है और वो तीनों ही दूसरे राज्यों की रहने वाली हैं। आरोपियों ने एक युवती से तो न्यूड वीडियो कॉल कर बात की और बाद में उसे ब्लैकमेल कर रुपये भी वसूले।