संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गोल्ड बिडिंग के नाम पर 7 लाख 90 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विकास रैपिडो में बाइक चलाता है। वहीं करण ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय का काम करता है।
सेक्टर-89 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने थाना साइबर सेंट्रल में दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पास व्हाट्सएप पर पार्ट टाइम जॉब के लिए मैसेज आया और उसके पास एक लिंक भेजा गया। जिसमें गोल्ड बिडिंग की जाती थी। इसके बाद उसे न्यूजीलैंड गोल्ड ग्रुप में जोड़ दिया। जहां लोग प्रतिदिन पैसा लगा कर अपने लाभ की जानकारी शेयर करते थे। जिसके बाद ठगों ने बिडिंग के नाम पर 7 लाख 90 हजार 687 रुपये ठग लिए।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने विकास कुमार (20) व करण कुमार चन्द्रवंशी (21) निवासी दरिया कॉलोनी चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया है।पूछताछ में सामने आया कि विकास ने करण को ठगों से मिलवाया था और इसका खाता ठगों को दिलवाया था। करण के खाते में ठगी में 4 लाख 5 हजार रुपये आए थे। खाते में आए पैसों को निकलवा कर करण ठगों को देता था।