सड़क पर अचानक आ गई थीं गायें
पुलिस के मुताबिक, नूंह के फिरोजपुर नमक गांव निवासी ट्रक चालक शहीद अहमद ने बताया कि पांच अगस्त को वह ट्रक लेकर ओल्ड फरीदाबाद से खेड़ीपुल की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे सेक्टर-18 में लक्ष्मी पैलेस के पास अचानक सड़क पर कुछ गायें आ गईं थीं। उन्हें बचाने के लिए उसने ब्रेक लगाए, लेकिन फिर भी टक्कर लगने से कुछ गायें चोटिल हो गईं थीं। जिससे उनकी मौत हो गई थी।
मारा, पीटा और जेब से 12 हजार रुपये निकाले
शिकायतकर्ता का आरोप है कि हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसकी जेब से 12 हजार रुपये निकाल लिए। आरोप है कि भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी और उसे जलते वाहन में डालने की बात भी कही। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बचाया।
शिकायत की पर नहीं हुई कार्रवाई
शहीद का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सात अगस्त को मांडीखेड़ा सिविल अस्पताल में उनकी एमएलआर हुई, जिसमें डॉक्टर ने 11 चोटें दर्ज की थीं। उसके बाद उसने एसडीएम को शिकायत दी थी।
पांच-छह गायों की गई थी जान
एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल से मिली रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वहीं पुलिस ने वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। बता दें कि पांच अगस्त की रात को ट्रक की टक्कर लगने से पांच-छह गायों की मौत हो गई थी। इससे देर रात भीड़ उग्र हो गई थी। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से स्थिति को संभाला था।